जिले के सभी थाना एवं ओपी में आयोजित हुई चौकीदारी परेड
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। एसपी मुकेश कुमार सिंह के निर्देश पर रविवार को जिले के सभी थाना एवं ओपी में चौकीदारी परेड आयोजित की गई। इस दौरान थाना एवं ओपी प्रभारियों ने चौकीदारों को ब्रीफ कर क्षेत्र में पुलिस की निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। चौकीदारों को अपने-अपने बीट क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया। साथ ही क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील सूचनाओं का तत्काल संकलन कर संबंधित थाना को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति की जानकारी देने का निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने चौकीदारों को अपने क्षेत्र में सतर्क, सक्रिय और सूचना तंत्र के रूप में प्रभावी भूमिका निभाने पर जोर दिया। किसी भी अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का निर्देश भी दिया गया। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य बीट स्तर पर निगरानी और सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए अपराध की रोकथाम तथा क्षेत्र में प्रभावी कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना है।







