एनएच-23 पर कोयला लदे हाईवा में भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
कोठार चौक पर धू-धूकर जला वाहन, आग की लपटें देख मची अफरा-तफरी; दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोठार चौक स्थित एनएच-23 पर सोमवार को कोयला लदे एक हाईवा में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वाहन का अगला हिस्सा धू-धूकर जलने लगा। आग की भयावहता को देखते हुए सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
अचानक भड़की आग, जान बचाने के लिए कूदा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा में अचानक आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। देखते ही देखते वाहन का अगला हिस्सा आग की चपेट में आ गया। आग की लपटें उठती देख चालक ने बिना देर किए वाहन से छलांग लगा दी। उसकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बोनट में रखा सामान जलकर राख
आग की चपेट में आने से हाईवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बोनट में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग और धुएं के कारण वाहन का पंजीकरण नंबर तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका, जिससे वाहन मालिक की पहचान भी नहीं हो पाई।
आम्रपाली से मुरी जा रहा था हाईवा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाईवा आम्रपाली से मुरी के बीच कोयले का परिवहन करता है। घटना की सूचना पर पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।






