बेड़ो में दो जंगली हाथियों से हड़कंप,हाथी देखने उमड़ी भीड़, वन विभाग ने की सतर्क रहने की अपील
संवाददाता विकास कुमार बेड़ो
बेड़ो: प्रखंड अंतर्गत कैरो गांव के समीप शनिवार को दो जंगली हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथी पारस डैम के समीप जंगल से निकलकर गांव के किनारे विचरण करने लगे। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में हाथी देखने पहुंच गए। कुछ लोग उत्सुकतावश हाथियों के काफी करीब जाकर उन्हें तंग करने लगे, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही घाघरा पंचायत के मुखिया रमेश उरांव ने तुरंत वन विभाग को अवगत कराया। सूचना पर वन विभाग की "हाथी भगाओ दस्ता" टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों से हाथियों से दूर रहने की अपील की। वहीं पुलिस ने भी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा। वन विभाग के कर्मी पूरे दिन हाथियों की निगरानी में जुटे रहे। शाम होते ही दस्ते ने मशाल जलाकर और पटाखे फोड़कर दोनों हाथियों को कैरो गांव से खदेड़कर मसियातू गांव की ओर जंगल में भगा दिया। इस अभियान में वनपाल रवि, वनरक्षी सुभाष प्रमाणिक, इंद्रजीत, राहुल, दीपक, मुकेश और आनंद भगत सहित अन्य वनकर्मी शामिल थे। टीम देर रात तक हाथियों पर नजर रखे हुए थी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली हाथियों को न तंग करें और न ही उनके पास जाएं। हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।






