डीएवी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में राखी-मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
संवाददाता विकास कुमार
बेड़ो: स्थानीय डीएवी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, बेड़ो में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर राखी बनाओ एवं मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
राखी बनाओ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने घर में उपलब्ध बेकार सामग्री और प्राकृतिक वस्तुओं का उपयोग कर आकर्षक और रंग-बिरंगी राखियां तैयार कीं। बच्चों की कल्पनाशीलता से बनी राखियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने एक-दूसरे के हाथों पर सुंदर और आकर्षक मेहंदी के डिजाइन बनाए। इस दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को राखियां बांधकर भाई-बहन के प्रेम और सौहार्द का संदेश भी दिया। मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश कुमार ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों को संस्कार, प्रेम और आपसी सम्मान का महत्व समझाया और लड़कों को सभी लड़कियों का सम्मान करने तथा उनकी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प दिलाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। राखी प्रतियोगिता में अनुष्का उरांव, आराध्या गुप्ता, पलक कुमारी और दृष्टि कुमारी ने प्रथम, कृतिका कुमारी, आस्था तिग्गा, सुदीप्ता कुमारी और पलक कुमारी ने द्वितीय तथा तेश्वी कुमारी, सुरभि उरांव और माही सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में सोनाक्षी कुमारी, सृष्टि उरांव और माही सिंह प्रथम, शिवानी कुमारी, आरोही कुमारी, सरगुन भगत और आकांक्षा कुमारी द्वितीय तथा श्रिया और आरुषि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






