BREAKING NEWS

logo

वन बंधु परिषद जमशेदपुर चैप्टर एवं महिला समिति ने दूरस्थ राखीडीह विद्यालय का किया निरीक्षण


जमशेदपुर, 22 जुलाई। वन बंधु परिषद, जमशेदपुर चैप्टर एवं महिला समिति द्वारा "वन यात्रा कार्यक्रम" के अंतर्गत घाटशिला अंचल के पटमदा संच के दूरस्थ ग्राम राखीडीह स्थित विद्यालय का दर्शन एवं निरीक्षण किया गया।

कार्यक्रम में महिला समिति की सदस्य श्रीमती ममता अग्रवाल एवं श्रीमती रचना खंडेलवाल उपस्थित रहीं। उनके साथ पटमदा संच के संच प्रमुख श्री कालिदास पाल, प्राथमिक शिक्षा अभियान के प्रमुख श्री शंकर भगत, श्री विनय कृष्णा महतो तथा पटमदा संच समिति के श्री बदलू महतो भी शामिल हुए।

विद्यालय मुख्य मार्ग से काफी दूर स्थित होने के बावजूद बच्चों की उपस्थिति उत्साहजनक रही। निरीक्षण के दौरान कुल 28 विद्यार्थी उपस्थित थे। बच्चों ने "जय श्री राम" के उद्घोष के साथ अतिथियों का स्वागत किया तथा सस्वर गायत्री मंत्र एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

महिला समिति की सदस्यों ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए खेल-खेल में भाषा, गणित एवं विज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास एवं सक्रियता के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए वन बंधु परिषद एवं महिला समिति की ओर से उन्हें उपहार भी प्रदान किए गए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन एवं विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में भी शिक्षा की गुणवत्ता और संस्कारयुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसे विद्यालय प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण एवं सहयोगात्मक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।