"नन्हा सा दिल" कार्यक्रम के तहत अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर में 88 बच्चों का हृदय परीक्षण, 19 को सर्जरी के लिए चिन्हित
छतरपुर (पलामू) : राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर में गुरुवार, 06 अगस्त 2026 को "नन्हा सा दिल" कार्यक्रम के तहत जन्मजात हृदय रोग से संदिग्ध बच्चों का विशेष हृदय परीक्षण (ईको जांच) सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
पूर्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा स्क्रीनिंग के दौरान हृदय रोग से संदिग्ध पाए गए बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ईको जांच की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश अग्रवाल, आरबीएसके चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मंसूर अली, डॉ. असदुल्लाह फैज, प्रखंड डाटा प्रबंधक अमित कुमार सिंह, श्री गौरव जी एवं सत्य साई ट्रस्ट की टीम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 88 बच्चों का ईको परीक्षण किया गया। जांच के बाद 19 बच्चों को हृदय शल्य चिकित्सा (सर्जरी) के लिए चिन्हित किया गया, जबकि 10 बच्चों को कैथेटर द्वारा उपकरण के माध्यम से उपचार (डिवाइस क्लोजर) के लिए चयनित किया गया। इसके अलावा 2 बच्चों को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया गया।
जांच में 45 बच्चों की रिपोर्ट सामान्य पाई गई। वहीं 7 बच्चों को आगे की निगरानी (फॉलोअप), 1 बच्चे को ऑपरेशन के बाद निगरानी, 1 बच्चे को दवा एवं चिकित्सकीय प्रबंधन तथा 1 बच्चे को एएसओटी जांच के बाद पुनः समीक्षा के लिए रखा गया। 2 बच्चे जांच के दौरान सहयोग नहीं कर पाए।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने बताया कि "नन्हा सा दिल" कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें निःशुल्क और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चे स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन जी सकें।
अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर की ओर से सत्य साई ट्रस्ट की टीम, विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।




.jpeg)

