रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र स्थित मुंडाधौड़ा गांव में गुरुवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब अज्ञात अपराधियों ने एक ग्रामीण के घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त है और लोग सहमे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए अपराधी मुंडाधौड़ा निवासी नसीम खान के घर के बाहर पहुंचे। बिना किसी पूर्व चेतावनी के उन्होंने पिस्टल निकालकर एक के बाद एक चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग घबरा गए और अपने-अपने घरों में छिपने को मजबूर हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार के अनुसार, फायरिंग करने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। भागते समय उन्होंने धमकी भी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो इस तरह की घटना दोबारा भी हो सकती है। इससे साफ है कि घटना के पीछे रंगदारी की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

