नरेश ठाकुर ने हमीरपुर के नशा मुक्ति केंद्रों का किया निरीक्षण
हमीरपुर 04 अगस्त। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने मंगलवार को हमीरपुर शहर में संचालित किए जा रहे दो नशा मुक्ति केंद्रों-आयुष्मान रिहेबिलिटेशन सेंटर और गुंजन संस्था के एकीकृत नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया।
उन्होंने दोनों नशा मुक्ति केंद्रों में प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री, सीआईडी इंचार्ज कपिल सडियाल और अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण के लिए पहुंचे नरेश ठाकुर ने इन केंद्रों में विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने दोनों नशा मुक्ति केंद्रों के रिकॉर्ड की गहन जांच के साथ-साथ संचालकों से इन केंद्रों की दैनिक गतिविधियों की विस्तृत भी जानकारी ली।
नरेश ठाकुर ने कहा कि नशे से मुक्ति पाने के लिए इन केंद्रों में दाखिल होने वाले लोगों को सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ अनुकूल एवं सकारात्मक माहौल भी मिलना चाहिए। तभी वे नशे के दलदल से बाहर निकलने में सक्षम होंगे। इसके लिए नशा मुक्ति केंद्रों के दैनिक रूटीन में अधिक से अधिक गतिविधियों का समावेश किया जाना चाहिए।
नरेश ठाकुर ने बताया कि राज्य नशा निवारण बोर्ड प्रदेश भर में नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण करके इनमें उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा कर रहा है। निरीक्षण के बाद सभी केंद्रों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस रिपोर्ट के आधार पर नशा मुक्ति केंद्रों के लिए बोर्ड व्यापक दिशा-निर्देश जारी करेगा।

