BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जनसंपर्क बढ़ाने के लिए भाजपा प्रत्याशी शंकर घोष का नया अभियान शुरू


सिलीगुड़ी, 07 अप्रैल । विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी शंकर घोष ने जनसंपर्क को मजबूत करने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। ‘दिनयापन कार्यक्रम’ नाम से इस अभियान की शुरुआत मंगलवार सुबह सिलीगुड़ी के 46 नंबर वार्ड से की गई।कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय महान व्यक्तियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद शंकर घोष ने क्षेत्र में घूमकर आम लोगों से सीधी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना।

इस मौके पर शंकर घोष ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य हर वार्ड में जाकर लोगों के बीच समय बिताना, उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना और जमीनी स्थिति का आकलन करना है। उन्होंने कहा कि जनता तक सीधे पहुंचने और उनकी बातों को गंभीरता से सुनने के लिए ही यह पहल शुरू की गई है। आज के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी, खराब इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सेवाओं में खामियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। वहीं, कुछ स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उनके साथ चर्चा की।

इस दौरान क्षेत्र के एक लंबे समय से उपेक्षित पड़े पार्क का मुद्दा भी सामने आया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों से यह पार्क बदहाल स्थिति में है। कई बार मेयर और वार्ड पार्षद को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने मांग की कि पार्क का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कर उसे आम जनता के लिए फिर से खोला जाए। इस पर शंकर घोष ने आश्वासन दिया कि वह इस समस्या को गंभीरता से लेकर समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ‘दिनयापन कार्यक्रम’ के तहत आने वाले दिनों में अन्य वार्डों में भी जाकर लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा।