सीवान, 14 जुलाई । जिले के दस प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन का मुख्य समारोह 15 जुलाई को हुसैनगंज स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में आयोजित होगा।
राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत "शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य" अभियान अंतर्गत स्थापित इन महाविद्यालयों का राज्यस्तरीय उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना से ऑनलाइन माध्यम से करेंगे। इसके साथ ही सभी नए महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ भी हो जाएगा। सभी कॉलेजों में पूर्वाह्न 10 बजे ओरिएंटेशन सह सत्रारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
हुसैनगंज में आयोजित मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता होंगे। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी सचिव धर्मेंद्र सिंह, सांसद, सभी विधायक सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं आंदर, दरौंदा, सिसवन, नौतन, दरौली, गुठनी, बसंतपुर, भगवानपुर हाट और लकड़ी नबीगंज स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उद्घाटन समारोह आयोजित होगा।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान नव नामांकित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व, महाविद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, विभिन्न पाठ्यक्रमों, अध्ययन व्यवस्था एवं भविष्य की करियर संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि इन महाविद्यालयों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही प्रखंड में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं का विस्तार होगा।
माध्यमिक संभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार अभिजीत ने बताया कि सभी नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में उद्घाटन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भवनों का रंग-रोगन पहले ही कराया जा चुका है तथा आवश्यक उपस्कर स्थापित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन के प्रसारण के लिए सभी कॉलेजों में एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सभी तैयारियां जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देशन में की जा रही हैं और जिला पदाधिकारी स्वयं प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
हुसैनगंज में होगा नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन का मुख्य समारोह





