पलामू एवं बिहार के सीमावर्ती जिलों के बीच अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक छतरपुर में हुआ आयोजित
छतरपुर (पलामू): उग्रवाद, अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 19 अगस्त 2026 को अपराह्न 4 बजे छतरपुर अनुमंडल कार्यालय में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता आईपीएस दिव्यांश शुक्ला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद (पलामू) ने की, जबकि मेजबानी छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने की। बैठक में पलामू जिले से सटे बिहार राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, असिस्टेंट कमांडेंट एवं विभिन्न थाना प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में नक्सली गतिविधियों एवं अन्य आपराधिक घटनाओं से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, सीमावर्ती जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान चलाने तथा सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित चेक पोस्टों को सुदृढ़ करने, आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, वांछित अपराधियों एवं वारंटियों की सूची साझा करने तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संयुक्त कार्रवाई करने पर सहमति बनी।
बैठक में अवैध हथियार, मादक पदार्थ, अवैध शराब एवं पशु तस्करी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध दोनों राज्यों की पुलिस के संयुक्त अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान निर्णय लिया गया कि दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों के बीच नियमित संवाद एवं सूचनाओं का आदान-प्रदान और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि उग्रवाद, अपराध एवं तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पलामू पुलिस आमजनों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं कानून का राज स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





