झारखंड -बिहार सीमा पर उग्रवाद, अपराध और तस्करी रोकने को लेकर अंतराज्यीय पुलिस पदाधिकारीयों की हुई बैठक
हुसैनाबाद,पलामू: झारखंड-बिहार की सीमा से सटे इलाकों में उग्रवाद, अपराध और तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर बुधवार को हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ल की अध्यक्षता में छतरपुर अनुमंडल कार्यालय में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक हुई। पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित बैठक में दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को लेकर रणनीति तैयार की और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर जोर दिया।
वहीं छत्तरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने मेजबानी की। बैठक में पलामू से सटे बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के एसडीपीओ, असिस्टेंट कमांडेंट और थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया।बैठक में नक्सल गतिविधियों के साथ-साथ आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी, सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने सीमावर्ती इलाकों में संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान चलाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साझा करने पर सहमति जतायी।
अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित चेकपोस्टों को और सुदृढ़ करने तथा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा वांछित अपराधियों और वारंटियों की सूची दोनों राज्यों के बीच साझा कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संयुक्त कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी।अवैध हथियार, मादक पदार्थ, अवैध शराब और पशु तस्करी जैसी गतिविधियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीमा का फायदा उठाकर अपराधी गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर कार्रवाई करेगी।
बैठक में नियमित अंतराल पर पुलिस अधिकारियों के बीच संवाद और सूचनाओं के आदान-प्रदान को प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों का मानना है कि बेहतर अंतर्राज्यीय समन्वय से सीमा क्षेत्र में अपराध, उग्रवाद और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। पलामू पुलिस ने आमजन की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।





