BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का देवघर में प्रदर्शन, कहा - सीबीआई जांच हो


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को टॉवर चौक पर प्रदर्शन कर रांची में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल का विरोध जताया।

प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा जिला महामंत्री अभयानंद झा ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

अभयानंद झा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान था। लेकिन देवघर में श्रावणी मेला चल रहा है और देश-विदेश से लाखों कंवरिया यहां पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसे देखते हुए देवघर में सिर्फ सांकेतिक प्रदर्शन किया गया है।

उन्होंने झारखंड सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, आंदोलनरत छात्रों पर बर्बरता पूर्वक लाठी चलाना और आंसू गैस छोड़ना सरकार की निर्ममता को दर्शाता है। भाजपा छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

श्री झा ने मांग की कि राज्य में होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की सीबीआई से जांच कराई जाए ताकि पेपर लीक और गड़बड़ी पर रोक लगे।

उन्होंने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को भी घेरा। उन्होंने कहा, दिल्ली के जंतर-मंतर मुद्दे पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाली कांग्रेस और राजद आज झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर चुप क्यों हैं? राज्य की जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।

प्रदर्शन में मुकेश पाठक, तूफान महथा, सचिन सुल्तानियां सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।