रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : सारठ-चितरा भाया बीरमाटी मार्ग पर मंझली-मेटरिया के पास सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार गंभीर रुप से जख्मी हो गया। वहीं घटित घटना को देख मौजूद ग्रामीणों ने चितरा की ओर से आ रही एक वाहन को रोका। जिसमें वन विभाग के अधिकारी व कर्मी सवार थे। ग्रामीणों के अनुरोध पर वाहन सवार लोगों ने मानवता का परिचय देते हुय घायल व्यक्ति को अपने वाहन में बैठाकर सारठ सीएचसी पहुंचाया। जहां सीएचसी प्रभारी गुड़ाकेश चौधरी के द्वारा उनका इलाज किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिमला पंचायत के करमचंद गांव निवासी लालबाबू मरांडी अपनी बाइक से जमुनियाटांड गांव से वापस घर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने में बाइक समेत सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। ग्रामीण विजय भोक्ता, संतोष कुमार भोक्ता, अनिल भोक्ता, सोनू कुमार आदि ने सड़क पर गिरे युवक को उठाया और इलाज के लिये सीएचसी भेजवाया। घटना में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है।







