विधायक की पहल पर मोहम्मदगंज में कासीसोत नदी पर बनेगा 2.09 करोड़ की लागत से पुल, मिली प्रशासनिक स्वीकृति
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू : हुसैनाबाद अनुमंडल के मोहम्मदगंज प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत मोहम्मदगंज पंचायत के ग्राम मोहम्मदगंज स्थित नदीपर गांव के टोला (मोहसिननगर) में कासीसोत नदी पर 28.60 मीटर लंबे पुल के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, पलामू की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना को मंजूरी दी गई है।
विभागीय आदेश के अनुसार पुल निर्माण के लिए 209.51300 लाख रुपये, यानी करीब 2 करोड़ 9 लाख 51 हजार 300 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। पुल बनने से नदी के दोनों ओर बसे ग्रामीणों के अलावे अन्य लोगों को आवागमन में सुविधा हो जाएगी। खासकर बरसात के मौसम में कासीसोत नदी के कारण आवागमन में होने वाली परेशानियों से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल सकेगी।
इस योजना के लिए हुसैनाबाद हरिहरगंज विधानसभा के विधायक संजय कुमार सिंह यादव के पत्रांक 7911/का0, दिनांक 22 अप्रैल 2026 के माध्यम से अनुशंसा प्राप्त हुई थी। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी करते हुए योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पुल निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित कार्यपालक अभियंता को यह सुनिश्चित करना होगा कि पुल के दोनों ओर पहुंच पथ के निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध हो। साथ ही दोनों ओर पहले से पथ का निर्माण होना भी आवश्यक है। पहुंच पथ की व्यवस्था नहीं होने की स्थिति में पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाएगा।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि योजना का क्रियान्वयन शहरी क्षेत्र में नहीं किया जाएगा और इसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) अथवा किसी अन्य योजना के तहत दोहराया नहीं जाएगा। निर्माण से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं की जांच और संतुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कासीसोत नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने से मोहम्मदगंज के नदीपर टोला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि पुल बनने से आवागमन सुगम होगा और बरसात के दिनों में नदी पार करने की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। इसके अलावा क्षेत्र के लोगों को बाजार, प्रखंड मुख्यालय, स्कूल, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।ग्रामीणों ने पुल निर्माण की स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई है।





