डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन परफॉर्मेंस रिव्यू रिपोर्ट अगस्त 2026 में पूर्वी सिंहभूम जिला पूरे झारखंड में प्रथम स्थान पर
डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन परफॉर्मेंस रिव्यू की मासिक रिपोर्ट, अगस्त 2026 के 15वें संस्करण में झारखंड के सभी 24 जिलों की जिला रैंकिंग में पूर्वी सिंहभूम जिले ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की है।
पूर्वी सिंहभूम का प्रथम स्थान प्राप्त करना जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर एवं प्रभावी प्रयासों का परिचायक है। जिले ने अधिगम परिणामों (Learning Outcomes) में उल्लेखनीय प्रगति, विद्यालयों के प्रभावी अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध डेटा रिपोर्टिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
रिपोर्ट में जिले द्वारा उच्च प्राथमिकता वाले संकेतकों (High Priority Indicators) एवं सक्षमकारी संकेतकों (Enabling Indicators) के बीच संतुलित एवं समग्र उपलब्धि दर्ज की गई है। यह उपलब्धि जिले में सुदृढ़ शैक्षणिक योजना, प्रभावी विद्यालय अनुश्रवण तथा कुशल प्रशासनिक समन्वय को दर्शाती है।
पूर्वी सिंहभूम जिले का राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना जिला प्रशासन, जिले के शिक्षा विभाग,प्रखंड एवं संकुल स्तर के पदाधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों तथा शिक्षा से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता एवं निरंतर सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को और अधिक मजबूती प्रदान करती है।
यह गौरवपूर्ण उपलब्धि न केवल पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए बल्कि पूरे जिले के शिक्षा परिवार के लिए प्रेरणादायी है। जिले का यह प्रदर्शन भविष्य में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर एवं विद्यालयी व्यवस्था में और अधिक सुधार के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा।





