जमशेदपुर। पुलिस सेवाओं को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से ईस्ट सिंहभूम पुलिस ने ‘JOHAR POLICE’ नाम से WhatsApp चैटबॉट सेवा शुरू की है। इस पहल के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन से ही विभिन्न पुलिस सेवाओं और आवश्यक जानकारियों का लाभ उठा सकेंगे। ‘Johar Police’ चैटबॉट का इस्तेमाल करने के लिए नागरिकों को अपने मोबाइल से 9471167577 WhatsApp नंबर पर “Hi” भेजना होगा। इसके अलावा उपलब्ध QR कोड को स्कैन करके भी चैटबॉट से जुड़ा जा सकता है। चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को गुम हुए मोबाइल फोन से संबंधित जानकारी एवं सहायता, साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत और आवश्यक जानकारी, ट्रैफिक मामलों एवं चालान, पासपोर्ट वेरिफिकेशन तथा चरित्र प्रमाण पत्र/चरित्र सत्यापन से संबंधित जानकारी मिल सकेगी। इसके अलावा विभिन्न पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति, पुलिस कार्यालयों में जमा किए गए आवेदन अथवा शिकायतों की स्थिति तथा अपने नजदीकी पुलिस थाना की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी। महिलाओं की सुरक्षा और ईव-टीजिंग से संबंधित शिकायतों एवं जानकारी के लिए भी चैटबॉट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता के साथ-साथ नागरिक इस माध्यम से पुलिस को शिकायत, सुझाव और फीडबैक भी दे सकेंगे। इससे पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को अधिक आसान और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। ईस्ट सिंहभूम पुलिस के अनुसार, WhatsApp आधारित इस सुविधा से नागरिकों को छोटी-छोटी जानकारी अथवा सेवाओं के लिए बार-बार पुलिस कार्यालय जाने की आवश्यकता कम होगी। मोबाइल के माध्यम से घर बैठे सेवाएं उपलब्ध होने से समय की बचत के साथ पुलिस सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी बेहतर होगी। ईस्ट सिंहभूम पुलिस ने जिले के नागरिकों से ‘Johar Police’ चैटबॉट का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है, ताकि पुलिस से जुड़ी आवश्यक सेवाएं और जानकारी मोबाइल के माध्यम से आसानी से प्राप्त की जा सके।
JOHAR POLICE — Jamshedpur Online Help & Assistance for Residentsइन सेवाओं की मिलेगी जानकारी
WhatsApp: 9471167577
ईस्ट सिंहभूम पुलिस ने शुरू किया ‘जोहार पुलिस’ व्हाट्सऐप चैटबॉट, मोबाइल से मिलेंगी पुलिस सेवाएं





