जमशेदपुर, 8 सितंबर 2026। ओलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-05 में एक निर्माणाधीन भवन में कुछ युवकों द्वारा काम बंद कराने, रंगदारी की मांग करने और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। घटना को लेकर ओलीडीह ओपी में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटना में कथित रूप से संलिप्त तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव कुमार राज उर्फ राजा सिंह, पिता राजीव लोचन सिंह, निवासी परमानंद नगर, शंकोसाई रोड नंबर-04, थाना ओलीडीह; पवन कुमार उर्फ गोलू, पिता रंजीत सिंह, निवासी खड़िया बस्ती, शंकोसाई रोड नंबर-04, थाना ओलीडीह तथा विशाल सिंह, पिता सत्येंद्र सिंह, निवासी शंकोसाई रोड नंबर-05, जेपी स्कूल, निर्मल नगर, थाना एमजीएम, पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ और मामले की जांच के क्रम में घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी बरामद किया गया है। बरामद मोबाइल ओप्पो कंपनी का बताया गया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर लेवी/रंगदारी की मांग करने में किया गया था।
मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच जारी है। छापेमारी दल में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक, ओलीडीह ओपी प्रभारी पुअनि मो. शारिक अली, पुअनि रविंद्र पाण्डेय, अणनि विवेक पाल, ओलीडीह ओपी के पुलिसकर्मी एवं रिजर्व गार्ड शामिल रहे।
ओलीडीह में निर्माणाधीन भवन में रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तीन गिरफ्तार





