BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

4 वर्ष बाद मिला संतान सुख, आशीर्वाद लेने सुल्तानगंज से देवघर तक पालकी में लाया गया नवजात


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा नगरी में आस्था की एक दिल को छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी आदित्य वर्मा अपने नवजात बेटे को लेकर सुल्तानगंज से बाबाधाम तक की पैदल कांवर यात्रा कर पहुंचे।

आदित्य ने बताया कि शादी के 04 वर्ष बाद बाबा बैद्यनाथ की कृपा से उनके घर पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। बेटे के जन्म के बाद उन्होंने मन ही मन संकल्प लिया था कि सबसे पहले बच्चे को बाबा का आशीर्वाद दिलाएंगे। इसी संकल्प के साथ वे पत्नी के साथ सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल चल पड़े।

कांवरिया पथ पर सबसे खास बात यह रही कि नवजात को यात्रा के दौरान किसी गाड़ी में नहीं, बल्कि लाल गमछे की पालकी बनाकर दोनों ओर से पकड़कर लाया गया। तस्वीर में आदित्य और उनके साथी श्रद्धालु सावधानी से बच्चे को लेकर चलते नजर आ रहे हैं। माँ बगल में चल रही हैं।

बाबा मंदिर पहुंचकर परिवार ने जलाभिषेक किया और बच्चे को बाबा के चरणों में रखकर लंबी उम्र व सुखी जीवन का आशीर्वाद मांगा।

आदित्य ने कहा, "चार साल इंतजार किया। बाबा ने हमारी मनोकामना पूरी की। इसलिए सपरिवार पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ का शुक्रिया अदा करने आए हैं।"

कांवरिया पथ पर इस परिवार को देखकर लोग भावुक हो गए। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि सच्ची आस्था से मांगी गई हर मन्नत बाबा बैद्यनाथ जरूर पूरी करते हैं।

सावन में रोजाना लाखों की संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच ऐसी कहानियां बाबा के प्रति लोगों की आस्था को और मजबूत कर रही हैं। पूरे मेला क्षेत्र में 'बोल बम' और 'हर हर महादेव' के जयकारे गूंज रहे हैं।