BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

डीएवी विवेकानंद के बच्चों ने चलाया स्वच्छता अभियान, स्वच्छ बेड़ो-सुंदर बेड़ो का दिया संदेश


संवाददाता विकास कुमार बेड़ो

बेड़ो: पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए बुधवार को डी.ए.वी. विवेकानंद पब्लिक स्कूल, बेड़ो के विद्यार्थियों ने बेड़ो चौक और मुख्य मार्ग पर एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। उमंग युवा क्लब, बेड़ो' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। अभियान की शुरुआत बेड़ो चौक गुमला रोड से हुई और यह बिनय बगीचा तक चली। हाथों में झाड़ू और कचरा एकत्र करने के थैले लिए स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने सड़क किनारे फैले प्लास्टिक व कचरे को साफ किया। इस दौरान बच्चों ने हाथों में आकर्षक स्लोगन और रंग-बिरंगे पोस्टर भी थाम रखे थे। पोस्टरों के माध्यम से बच्चों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए अपने आसपास सफाई रखने के लिए प्रेरित किया। स्वच्छता से ही स्वस्थ समाज की नींव कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक श्री कैलाश कुमार ने बच्चों और युवाओं के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा, "स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि हमारे जीवन का एक अहम संस्कार है। यदि हर व्यक्ति अपने आसपास का वातावरण साफ रखे, तो एक स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त समाज का निर्माण संभव है। बचपन में डाले गए स्वच्छता के ये संस्कार आगे चलकर बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाएंगे। उमंग युवा क्लब के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में बेड़ो के युवाओं और विद्यालय के शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया। चौक-चौराहों पर सफाई करते बच्चों का जज्बा देखकर स्थानीय लोगों ने भी तालियां बजाकर उनका स्वागत किया और अपने घर-दुकानों के आसपास सफाई रखने का संकल्प लिया।