पलामू के सांसद वीडी राम ने अपने संसदीय क्षेत्र के लिए दी बड़ी खुशखबरी
पलामू सांसद के अथक प्रयास से शेरघाटी-कजरी नई रेलवे लाइन की मिली स्वीकृति
*पलामू संसदीय क्षेत्र के विकास और बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है : पलामू सांसद*
संजय सिंह उमेश
पलामू ::सांसद पलामू श्री विष्णु दयाल राम जी के लगातार प्रयासों, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं सतत पहल के फलस्वरूप पूर्व मध्य रेलवे जोन के अंतर्गत शेरघाटी, गया (बिहार) किमी 0.00 से कजरी, पलामू (झारखंड) किमी 107.894 के बीच नई ब्रॉड गेज (BG) रेलवे लाइन के निर्माण हेतु ₹2,627.29 करोड़ (दो हजार छह सौ सत्ताईस करोड़ उनतीस लाख रुपये) की लागत से विस्तृत प्राक्कलन को रेलवे बोर्ड द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है।*
यह नई रेलवे लाइन केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि पलामू एवं आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए लोगों की पहुंच बेहतर होगी।
इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति के पीछे क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और मेरी निरंतर पहल रही है। माननीय सांसद ने रेलवे की जोनल एवं मंडल स्तरीय बैठकों में लगातार इस विषय को उठाया, लोकसभा में शून्यकाल एवं नियम 377 के माध्यम से मामले को प्रमुखता से रखा, लगातार पत्राचार किया तथा व्यक्तिगत रूप से माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी से मिलकर इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया था।
आज इस प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। यह स्वीकृति पलामू संसदीय क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत है।
इस ऐतिहासिक एवं जनहितकारी परियोजना की स्वीकृति के लिए माननीय सांसद श्री राम ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय रेल मंत्री आदरणीय श्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
पलामू संसदीय क्षेत्र विकास, सुगम यातायात और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
पलामू के विकास की यात्रा निरंतर जारी है।
नया पलामू, विकसित पलामू!






