संत मरियम स्कूल में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हुआ विद्यालय परिसर
देश के भविष्य की नींव कक्षाओं में हीं होती है तैयार : अविनाश देव
*मेदिनीनगर।* स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संत मरियम स्कूल में संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तिरंगे की शान में सजा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुति ‘वंदे मातरम्’ गीत से हुई। गीत की गूंज के साथ पूरे परिसर में देशप्रेम का वातावरण बन गया।
समारोह में विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा लहराते ही विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, ओजपूर्ण भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और राष्ट्रनायकों को नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन श्री देव ने कहा कि स्वतंत्रता हमें अनगिनत वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। स्वतंत्रता दिवस महज एक पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने और नई जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत की तस्वीर गढ़ेंगे। शिक्षा का उद्देश्य केवल बेहतर भविष्य बनाना नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदार, संवेदनशील और संस्कारवान नागरिक तैयार करना भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने तथा ज्ञान, अनुशासन और मेहनत के बल पर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में गूंजते देशभक्ति गीतों और नारों के बीच पूरा माहौल राष्ट्रीय भावना से भर उठा। बच्चों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति प्रेम, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संदेश स्पष्ट दिखाई दिया।
समारोह में विद्यालय प्राचार्य कुमार आदर्श, उप प्राचार्य एस. बी. शाहा, छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, एडवोकेट ओंकारनाथ तिवारी, प्रवीण दुबे, समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।






