सोन नदी का बढ़ा जलस्तर , देवरी ओपी क्षेत्र में माइकिंग कर ग्रामीणों को किया गया अलर्ट
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद, पलामू: सोन नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए देवरी ओपी क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। देवरी कला, देवरी खुर्द, सोनपुरवा और बुधुआ गांवों में माइकिंग कर ग्रामीणों को नदी से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है।
देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता ने बताया कि सोन नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को नदी के किनारे या नदी के बीच जाने की अनुमति नहीं दी जाए, ताकि जलस्तर में अचानक वृद्धि होने पर किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।ओपी प्रभारी ने बताया कि नदी के आसपास खेती करने वाले किसानों, पशुपालकों और अन्य ग्रामीणों को भी सतर्क किया गया है। माइकिंग के माध्यम से लोगों से अपील की गई है कि वे बच्चों को नदी की ओर न जाने दें और खुद भी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखने के लिए किनारे पर नहीं जाएं।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में ग्रामीणों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा जाएगा। प्रशासन और पुलिस की अपील है कि ग्रामीण किसी भी तरह का जोखिम न लें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।





