BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

माय भारत से जुड़कर युवा राष्ट्र निर्माण में दें योगदान : पामीर सिंह


मुखदेव हाई स्कूल में आयोजित माय भारत कार्यक्रम में विद्यार्थियों को क्यूज,ऑनलाइन प्रश्नों का उतर एवं विभिन्न गतिविधियों की दी गई जानकारी

मझिआंव। मुखदेव हाई स्कूल 10+2 के सभागार में शुक्रवार को माय भारत कार्यक्रम के तहत युवा सहभागिता एवं राष्ट्र निर्माण विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक गतिविधियों एवं विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी पामीर सिंह एवं प्रखंड स्तरीय राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक काजल कुमारी ने विद्यार्थियों को माय भारत से जुड़ने की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी पामीर सिंह एवं विद्यालय के प्राचार्य रविशंकर झा को पौधा देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पामीर सिंह ने प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को माय भारत की वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करने, मोबाइल नंबर एवं आवश्यक विवरण भरने तथा उपलब्ध प्रश्नों के उत्तर देने की पूरी प्रक्रिया व्यावहारिक रूप से समझाई। विद्यार्थियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से माय भारत एवं नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता वीडियो भी दिखाया गया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पामीर सिंह ने कहा कि माय भारत युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करता है। 15 से 29 वर्ष के युवा इससे जुड़कर प्रश्नोत्तरी, निबंध, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर समय बिताने के बजाय युवा यदि अपनी ऊर्जा रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं तो ज्ञान और व्यक्तित्व विकास के साथ आगे बढ़ने के अनेक अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जुड़ने के साथ अन्य युवाओं को भी माय भारत से जोड़ने की अपील की।

मझिआंव प्रखंड स्तरीय राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक काजल कुमारी ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला है। माय भारत के माध्यम से युवाओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं और सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सक्रिय रूप से जुड़कर अपनी प्रतिभा को प्रखंड से लेकर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक प्रदर्शित करने की अपील की।

प्राचार्य रविशंकर झा ने कहा कि सभी विद्यार्थियों को माय भारत से जुड़कर प्रश्नोत्तरी, निबंध एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।

बताया गया कि माय भारत कार्यक्रम के तहत प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न हाई स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में ज्ञानेश पांडे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन किया, जिसके साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।