देवघर में 8 टीबी मरीजों को मिला पोषण आहार किट, वॉकर छोड़ खुद चलकर आए मरीज.
■ डॉ. शरद और डॉ. संचयन की मौजूदगी में हुआ वितरण, 15 डॉक्टर बने 'निश्चय मित्र'.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : जिला यक्ष्मा कार्यालय में बुधवार 08 जुलाई को 8 टीबी मरीजों के बीच मासिक पोषण आहार किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संचयन और वरीय दंत चिकित्सा पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन डॉ. शरद कुमार ने की।
पोषण किट पाने वालों में रोशनी कुमारी 25 वर्ष, बरमसिया, माला कुमारी 37 वर्ष, रोहिणी, ललिता कुमारी 30 वर्ष, सत्संग, पिंकू कुमारी, कोरियासा, पंकज कुमार दास 43 वर्ष, कुजूरिया, नवीन कुमार चौरसिया 53 वर्ष, पूरणदाहा, रामदेव महथा 48 वर्ष, सलोनाटांड़ और तैयब अंसारी 50 वर्ष, ठाढी दुर्गापुर शामिल हैं।
टीबी मरीज तैयब अंसारी ने भावुक होकर बताया कि स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों के सहयोग से उनकी सेहत में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा, "पहले मैं खुद से चल नहीं पाता था। वॉकर के सहारे चलता था। आज मैं अपने पैरों पर चलकर यहां आया हूं।"
इस अवसर पर डॉ. शरद कुमार ने सभी मरीजों से समय पर दवा लेने, पोषण आहार का सेवन करने और संयमित जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि उन्होंने अब तक 5 टीबी मरीजों को गोद लिया है और 6 महीने तक अपने खर्च से उन्हें पोषण किट दे रहे हैं।
डॉ. संचयन ने कहा कि डॉ. शरद के प्रयासों से अब तक जिले के 15 चिकित्सक 'निश्चय मित्र' बनकर टीबी मरीजों को गोद ले चुके हैं।
कार्यक्रम में डॉ. अनुराधा कुमारी, डॉ. शालिनी कुमारी, डॉ. रूपक कुमार, डॉ. वैभव आनंद, डॉ. मनीष कुमार और नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार ने भी निश्चय मित्र बनकर मरीजों को पोषण आहार किट सौंपे।





