BREAKING NEWS

logo

सारठ प्रखंड परिसर में चलाया गया नशामुक्ति अभियान, बीडीओ ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ


• नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को किया जागरूक.

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

सारठ (देवघर) : झारखंड सरकार के निर्देश पर बुधवार को प्रभा भारती द्वारा प्रखंड मुख्यालय परिसर में नशामुक्ति अभियान चलाया गया। जिसमें नशापान करने से होने वाले दुष्प्रभावों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। 

वहीं मौके पर मौजूद बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने प्रखंड सह अंचल कर्मियों व मौके पर मौजूद आम लोगों को नशा नहीं करने, अपने समाज के लोगों को समझाने और नशामुक्त समाज निर्माण के सहभागी बनने का शपथ दिलाया। 

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनसाधारण, विशेषकर युवाओं, किशोरों-किशोरियों को नशे के जानलेवा दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और समाज में नशामुक्ति का माहौल तैयार करते हुए स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि आज समाज के सभी जाति व धर्म के युवा नशे के आदि होकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। नशे की बुरी लत में प्रत्येक दिन बीमारी व सड़क दुर्घटना आदि के माध्यम से सैकड़ों लोगों की जान जा रही है। बावजूद लोग इसके आदि होते जा रहे हैं। ऐसे में समाज में जागरूकता के माध्यम से ही लोगों को इसके दुष्प्रभाव से बचाया जा सकता है। 

वहीं इसको लेकर प्रभा भारती टीम के नुक्कड़ नाटक मंडली द्वारा समाज की सच्ची घटनाओं पर आधारित कहानी को प्रस्तुत कर युवाओं व आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। साथ ही उपस्थित लोगों के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को नशामुक्ति में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं  जन-जागरूकता रैली के जरिए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। 

मौके पर प्रभारी कल्याण पदाधिकारी शशांक शेखर, बीपीओ विनय कुमार, सीआई विभाष कुमार, पंसस अजहरुल हक, प्रभा भारती के स्नेहम कौशिक, जितेंद्र कुमार, अरुण कुमार, समेत अन्य कई लोग मौजूद थे।