स्कूल का सामान गाड़ी में लादकर ले जा रहे थे सहायक शिक्षक,
छात्रों ने रोका,
• प्रधानाध्यापक ने थाने में दिया आवेदन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) :
अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय लेड़वा में सहायक शिक्षक द्वारा स्कूल की सामग्री चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है. मामले को लेकर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने मधुपुर थाना में लिखित शिकायत दी है.
प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. गिलमान कौसर ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि गत पन्द्रह अगस्त को सुबह करीब 11.00 बजे विद्यालय के सहायक शिक्षक सुनील कुमार स्कूल की महत्वपूर्ण सामग्री जिसमें किताब, कॉपी, पेंसिल और अन्य सामान शामिल था, उसे गाड़ी संख्या JH15H 7134 में लादकर ले जा रहे थे. आवेदन के अनुसार शिक्षक के इस कृत्य को छात्रों ने देख लिया और उसे रोक दिया.
उस समय प्रधानाध्यापक कक्षा 9 व 10 के बीच फाइनल क्रिकेट मैच कराने के लिए स्कूल से एक किलोमीटर दूर गए हुए थे. स्कूल वापस आने पर छात्रों ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी.
प्रधानाध्यापक ने बताया कि इसके बाद उन्होंने अपने स्तर से जांच की तो मामला सही पाया गया. उन्होंने सभी सामग्री को जब्त कर लिया है. प्रभारी प्रधानाध्यापक ने आवेदन में उक्त घटना के संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.







