बोल बम के जयकारों से गूंजी बाबा नगरी, अरघा सिस्टम से शुरू हुआ जलार्पण.
■ श्रावणी मेला-2026 के पहले दिन सुबह 04:02 बजे खुले पट, कतारबद्ध कांवरिया कर रहे जलाभिषेक.
अमित कुमार,
देवघर ब्यूरो प्रमुख
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ बुधवार को भक्तिमय माहौल के साथ हुआ। मेला के पहले दिन गुरुवार को प्रातः 04:02 बजे बाबा मंदिर का पट खुलते ही अरघा सिस्टम से जलार्पण शुरू कर दिया गया।
मंदिर खुलते ही "हर हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा बाबा धाम गुंजायमान हो उठा। देश-विदेश से आए लाखों शिवभक्तों की आस्था और उल्लास देखते ही बन रहा था।
अरघा सिस्टम लागू होने के कारण सभी कांवरिया अनुशासित तरीके से कतार में लगे हुए हैं। भगवा वस्त्रधारी कांवरिया हाथों में गंगाजल लेकर कतारबद्ध होकर बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
रूट लाइन से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल और दंडाधिकारी लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और कतार को सुव्यवस्थित रखने में लगे हैं।
पहले ही दिन से बाबा मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। चारों ओर केसरिया रंग की आभा और शिवभक्तों की गूंज से पूरा माहौल शिवमय हो गया है।
जिला प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित जलार्पण कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी गई हैं। अरघा सिस्टम के माध्यम से बिना धक्का-मुक्की के सभी को बाबा का दर्शन और जलार्पण का अवसर मिल रहा है।

.jpg)



