सड़क किनारे झाड़ियों के पास अज्ञात वृद्ध का मिला शव, पंचनामा कर पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम के लिए देवघर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : सारठ-पालोजोरी मार्ग पर लोधरामोड़ के समीप बुधवार को सड़क के किनारे झाड़ियों के पास अर्धनग्न अवस्था में एक अज्ञात वृद्ध का शव पुलिस ने बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मवेशी चराने वाले चरवाहा ने झाड़ियों के पीछे अज्ञात वृद्ध का शव देख हो-हल्ला किया और हो हल्ला सुनकर जुटे ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। वहीं सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपक कुमार साह खुद एसआई जंगबहादुर सिंह व पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से भी मामले की जानकारी को लेकर पूछताछ किया।
बताया जाता है कि मौजूद लोगों में से किसी ने भी शव का पहचान करने या कोई जानकारी होने से इनकार किया। जिसके बाद पुलिस ने कागजी कार्रवाई करते शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल देवघर भेज दिया है। वहीं सड़क किनारे अज्ञात शव मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का भी बाजार गर्म है। कई लोगों का कहना था कि आखिर वृद्ध यहां सुनसान जगह में अर्धनगन अवस्था में झाड़ियों में कैसे आया, कहीं हत्या करके शव को ठिकाने लगाने का प्रयास होने की बात भी दबी जुबान लोगों द्वारा कही जा रही है। वहीं शाम तक भी बरामद शव की पहचान नहीं होने की बात कही गई और पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस का कहना था कि वृद्ध कहां का रहने वाला है पहले यह पता लगाया जा रहा है, ताकि सच्चाई सामने आए।
वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी जांच पड़ताल में मदद मिलने की बात कह रही है।






