BREAKING NEWS

logo

करौं में क्रेशर परिसर में मिला युवक का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप.


करौं में क्रेशर परिसर में मिला युवक का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप.  

■ मुंशी और गार्ड पर मारपीट के बाद हत्या का आरोप, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम.

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

करौं : करौं प्रखंड के बदिया पंचायत निवासी मुर्गों सोरेन के 17 वर्षीय पुत्र सुरेश सोरेन की क्रेशर परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव है। परिजनों ने पत्थर क्रेशर के मुंशी और गार्ड पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के अनुसार 12 और 13 जुलाई को सुरेश की क्रेशर के मुंशी और गार्ड से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गई। इसके बाद 14 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे पिता को सूचना मिली कि उनके बेटे का शव क्रेशर परिसर में लटका हुआ है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेजा। 15 जुलाई को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

मृतक के पिता का आरोप है कि उनके बेटे की सुनियोजित तरीके से हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी पर लटकाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गड़बड़ी की कोशिश की जा रही है। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार, 15 जुलाई को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और जेल भेजने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि दोषियों पर कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इस बाबत थाना प्रभारी दीपक किशोर भारती ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का लग रहा है। क्रेशर परिसर के सीटीवी में पैसे मांगने से जुड़ी बातें भी सामने आ रही हैं।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।