देवघर : जनता दरबार पहुंचे चंदना स्कूल के बच्चे और अभिभावक, डीसी से स्कूल खुलवाने की लगाई गुहार.
अमित कुमार
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : जमीन विवाद के कारण बंद *राजकीय मध्य विद्यालय, चंदना* को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर स्कूली बच्चे और अभिभावक *देवघर समाहरणालय* में शुक्रवार, 10 जुलाई को *जनता दरबार* में उपायुक्त से मिले।
बड़ी संख्या में हरे और गुलाबी यूनिफॉर्म पहने स्कूली बच्चे, अभिभावक और ग्रामीण समाहरणालय के बरामदे और परिसर में बैठे नजर आए। बच्चे हाथ में बोतल लिए और अभिभावक उनके साथ डीसी से न्याय की मांग को लेकर पहुंचे थे।
जनता दरबार में *उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ भुवानियां* ने सभी अभिभावकों की बातें धैर्यपूर्वक सुनीं। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए *डीएसई मधुकर कुमार* को *तुरंत कार्रवाई करने का आदेश* दिया।
डीसी ने अभिभावकों बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए *तत्काल वैकल्पिक उपायों* पर भी चर्चा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्कूल खुलने तक बच्चों की पढ़ाई के लिए अस्थायी व्यवस्था की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिले के सोनारायठाढ़ी प्रखंड अंतर्गत चंदना स्थित राजकीय मध्य विद्यालय जमीन विवाद के कारण पिछले कुछ दिनों से बंद है। स्कूल के गेट पर "विद्यालय सील" का नोटिस लगा हुआ है। इस वजह से क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इसी मामले में *10 जुलाई* को न्यायालय में भी सुनवाई हुई, जहां कोर्ट ने कार्यालय से रिपोर्ट तलब की है। अगली सुनवाई *22 जुलाई* को होनी है।
अभिभावकों का कहना है कि आसपास दूसरा सरकारी स्कूल काफी दूर है और निजी स्कूलों की फीस वहन करना उनके लिए संभव नहीं है। ऐसे में मध्य विद्यालय चंदना को जल्द से जल्द खुलवाया जाए।
डीसी के आश्वासन के बाद अभिभावकों और बच्चों ने राहत की सांस ली। अब सभी को प्रशासन और कोर्ट के अगले फैसले का इंतजार है।


.jpg)


