BREAKING NEWS

logo

7 महीने से प्यासा, नव प्राथमिक विद्यालय बाराटांड में चापाकल खराब, दूर से लाना पड़ रहा पानी


■ मिड-डे मील बनाने और पीने के लिए भटक रहे बच्चे, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग  

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

करौं : प्रखंड क्षेत्र के नव प्राथमिक विद्यालय, बाराटांड में पिछले कई महीनों से चापाकल खराब पड़ा है। 

इससे यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और स्कूल प्रबंधन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यालय में पेयजल की व्यवस्था ठप होने के कारण बच्चों को पीने का पानी दूर से लाकर दिया जा रहा है। वहीं मध्याह्न भोजन बनाने के लिए रसोइया को भी काफी दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है।

विद्यालय के प्रभारी जर्मन तुरी ने बताया कि "चापाकल खराब होने से सबसे ज्यादा दिक्कत मिड-डे मील बनाने में हो रही है। बच्चों को समय पर पीने का पानी भी नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में दूर से पानी लाकर बच्चों की प्यास बुझाई जा रही है।"

स्थानीय लोगों के अनुसार पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा लगभग 07 महीने पहले चापाकल की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन वह एक सप्ताह भी नहीं चल सका और फिर से खराब हो गया।

ग्रामीणों ने जिले के उपायुक्त एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से मांग की है कि विद्यालय में खराब पड़े चापाकल को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि बच्चों को पेयजल और मध्यान भोजन की समस्या से राहत मिल सके।