सड़क हादसे रोकने के लिए दुमका डीसी का एक्शन प्लान, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर लगेंगे ब्रेकर और साइनेज
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : जिले में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने सख्त रुख अपनाया है।
बुधवार को समाहरणालय में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने कई अहम निर्देश दिए। बैठक में तय हुआ कि हादसे वाले इलाकों की पहचान कर वहां सड़कों की मरम्मत, स्पीड ब्रेकर और साइनेज लगाने का काम प्राथमिकता पर होगा।
बैठक में रंबल स्ट्रिप, कन्वेक्स मिरर और गड्ढों की मरम्मत की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर तुरंत मरम्मत कार्य पूरा करें।
उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया है कि वे अपने क्षेत्र में उन स्थानों की सूची तैयार करें, जहां गड्ढों के कारण हादसे की आशंका है। इस सूची के आधार पर मरम्मत और सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
नशे में गाड़ी चलाने वालों पर अब सख्ती बढ़ेगी। डीसी ने नियमित रूप से ड्रंक एंड ड्राइव जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। पकड़े जाने पर चालान के साथ-साथ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी होगी। साथ ही तेज रोशनी वाले अवैध लाइट और बल्ब लगे वाहनों पर भी कार्रवाई होगी। हिट एंड रन के लंबित मामलों को जल्द निपटाने का भी निर्देश दिया गया।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर है। जिले की सभी स्कूल बसों को मानक के अनुसार पीले रंग में रखना होगा और हर बस में जीपीएस और सीसीटीवी लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना इसके चलने वाली बसों पर कार्रवाई होगी।
शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत और जाम की समस्या को लेकर नगर परिषद, पुलिस और परिवहन विभाग को मिलकर काम करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में एसडीएम, डीटीओ, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता समेत कई अधिकारी मौजूद थे।






