राजस्व कर्मचारी के रिपोर्ट नहीं देने से न्याय से वंचित है परिवार, सीओ बोले जल्द जमा करें रिपोर्ट
मामला : ठाढ़ी मौजा में जमीन उच्छेदी का.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : सारठ अंचल के ठाढ़ी ग्राम-पंचायत व मौजा में जमीन की उच्छेदी से संबंधित मामले में मधुपुर एसडीओ के न्यायालय के आदेश की अवहेलना का मामला सामने आया है। बताया गया कि करीब 13 वर्षों से कोर्ट में विचाराधीन मामले की सुनवाई करते एसडीओ ने राजीव कुमार ने सारठ सीओ को आदेश पत्र भेजकर जमीन का स्थलीय जांच कराकर समुचित रिपोर्ट मांगा है। वहीं एसडीओ के आदेश के आलोक में सीओ कृष्णचंद्र सिंह मुंडा ने संबंधित राजस्व कर्मचारी व अमीन को जमीन का स्थलीय जांच कर रिपोर्ट मांगा है। लेकिन कर्मचारी व अमीन द्वारा जांच के तीन माह बाद भी रिपोर्ट नहीं भेजने से पीड़ित को न्याय से वंचित होना पड़ रहा है। वहीं इस संदर्भ में पीड़ित दुर्गा पंडित एवं उनके परिजनों ने बताया कि उनके जमाबंदी जमीन को गांव के सूचन पंडित, सुफल पंडित व श्रवण पंडित ने बलपूर्वक आवास व चहारदीवारी बनाकर अवैध कब्जा कर लिया है। इस संबंध में उन्होंने एसडीओ कार्यालय में उच्छेदी का मामला दर्ज किया था। लेकिन परिवादी ने पैसे के बल पर मामले को 13 वर्ष तक खींचता रहा। लेकिन अंततः एसडीओ ने मामले की सुनवाई करते हुए सारठ सीओ से उक्त जमीन का स्थलीय जांच रिपोर्ट मांगा है। सीओ के निर्देश पर कर्मचारी व अमीन गांव पहुंचकर जमीन संबंधित नक्शा-पर्चा से मिलान भी किया। वहीं ग्रामीणों से पूछताछ में सभी ने जिसमें दुर्गा पंडित का पुस्तैनी जमीन होने और सूचन पंडित, सुफल पंडित व श्रवण पंडित द्वारा अवैध कब्जा कर घर व चाहरदीवारी बनाने की बात कही गई। लेकिन जांच के तीन माह बाद भी कर्मचारी द्वारा सीओ को रिपोर्ट नहीं सौंपा गया है। जिससे पीड़ित पक्ष न्याय पाने से वंचित हैं।
इस संबंध में राजस्व कर्मचारी केलू दास से पूछने पर बताया कि रिपोर्ट तैयार हो गया है। एक पेपर मिस हो जाने के चलते रिपोर्ट नहीं जमा कर पाए है। पेपर मिल गया है रिपोर्ट जमा कर देंगे। वहीं CO से पूछे जाने पर राजस्व कर्मचारी को जल्द रिपोर्ट अंचल कार्यालय में जमा देने का निर्देश देने की बात कही।





