BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जन्माष्टमी पर बाबा बाबा नगरी पहुंचे गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, साथ रहीं महाराष्ट्र सांसद सुप्रिया सुले


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे अपने परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद रहीं। दोनों सांसदों को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर में प्रवेश कराया गया।

मंदिर पहुंचने के बाद सबसे पहले दोनों को माता काली मंदिर प्रांगण ले जाया गया, जहां डॉ. दुबे के पुश्तैनी पुरोहित प्रमोद सिंगारी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा का संकल्प कराया। इसके बाद दंडाधिकारी और पुलिस बल के सुरक्षा घेरे में फिलपाया के रास्ते उन्हें गर्भगृह ले जाया गया, जहां दोनों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक और विधिवत पूजा-अर्चना की।

पूजा के बाद सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने का यह उनका पहला अवसर है। सांसद निशिकांत दुबे के सौजन्य से उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि बाबा के दर्शन और पूजा से मन को असीम शांति मिली है। उन्होंने बाबा से देश-प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

जन्माष्टमी और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधिकारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। इस दौरान हरिकिशोर सिंह सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।