करौं बाजार में 15 दिन में धराशायी हुई नवनिर्मित पुलिया, कीचड़ में फंसे राहगीर
■ ग्रामीणों ने गुणवत्ता की जांच की मांग की, कहा - आनन-फानन में किया गया निर्माण.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
करौं (देवघर) : सरकार द्वारा पंचायतों के विकास के लिए हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। इसका ताजा उदाहरण करौं बाजार-सिरियां सड़क पर देखने को मिला है।
बाजार क्षेत्र के पुराना बैंक मोड़ के आगे गंदे पानी और कीचड़ को रोकने के लिए पंचायत द्वारा करीब 15 दिन पहले एक पुलिया का निर्माण कराया गया था। लेकिन घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही के कारण यह पुलिया बनने के महज 15 दिन में ही टूट कर गिर गई।
पुलिया टूटने से अब करौं बाजार-सिरियां सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ बह रहा है।
इससे आने-जाने वाले राहगीरों, दुकानदारों और पूजा करने मंदिर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया का निर्माण आनन-फानन में किया गया और गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया। पुलिया में सही तरीके से पानी भी नहीं दिया गया, जिसके कारण यह जल्दी ध्वस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने कहा कि करौं बाजार के बीचों-बीच बनी यह पुलिया अब मुसीबत बन गई है। गंदगी और कीचड़ से होकर गुजरने पर मजबूर लोगों को बीमारियों का भी डर सता रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के जांच पदाधिकारी से पुलिया निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी राशि का दुरुपयोग हुआ है और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल टूटी हुई पुलिया की वजह से बाजार क्षेत्र में जलजमाव की समस्या और बढ़ गई है।





