श्रावणी मेला में अब QR कोड से करें शिकायत, मिनटों में होगा समाधान.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 में पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने नई तकनीक का सहारा लिया है। अब मेला क्षेत्र में कहीं भी कोई असुविधा दिखने पर श्रद्धालु QR कोड स्कैन कर सीधे शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर इस बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और अनुभव को बेहतर बनाने पर विशेष फोकस किया गया है। इसी कड़ी में पूरे मेला क्षेत्र में जगह-जगह Complaint-Resolution QR Code लगाए गए हैं।
अगर रास्ते में शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई, होल्डिंग प्वाइंट, स्वास्थ्य शिविर या रूट लाइन में कोई दिक्कत है तो संबंधित स्थान पर लगे QR कोड को मोबाइल से स्कैन करें। स्कैन करते ही गूगल फॉर्म खुलेगा, उसमें समस्या लिखें और चाहें तो फोटो भी अपलोड कर दें।
शिकायत मिलते ही वह सीधे कंट्रोल रूम के सिस्टम में पहुंच जाएगी। वहां एक विशेष सेल 24 घंटे मॉनिटरिंग कर रही है।
समस्या दर्ज होते ही संबंधित विभाग को तुरंत टैग कर समाधान के लिए टीम भेज दी जाएगी।
उपायुक्त ने कहा, हमारा प्रयास है कि देवतुल्य कांवरिया बाबा धाम से अच्छी यादें लेकर जाएं। तकनीक के माध्यम से अब शिकायत का तुरंत निपटारा संभव हो सकेगा।
जिला प्रशासन का दावा है कि इस नई व्यवस्था से छोटी-छोटी समस्याओं का भी त्वरित समाधान होगा और श्रद्धालुओं को मेला के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।






