BREAKING NEWS

logo

बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर फार्मासिस्ट का क्रमिक धरना, 8 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी.


■ 26 जून और 7 जुलाई को दिया आवेदन, सिविल सर्जन से अब तक कोई कार्रवाई नहीं.  

अमित कुमार 
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : देवघर सदर अस्पताल में कार्यरत फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने बकाया वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज होकर क्रमिक धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है। उन्होंने इस संबंध में दो आवेदन सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को सौंपे हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीव कुमार ने 26 जून 2026 को पहला आवेदन दिया था। इसमें उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के संकल्प संख्या 111(8) दिनांक- 16.05.2025 के अनुसार नियुक्ति के 02 वर्ष बाद 4200 ग्रेड पे कैडर से वेतन भुगतान का आदेश है। इसी आलोक में सिविल सर्जन देवघर ने पत्रांक- 667, दिनांक- 06.05.2026 से बकाया भुगतान का आदेश भी दिया था। इसके बावजूद उन्हें वेतन नहीं मिला। 
उन्होंने बताया कि पिता के निधन और मां के बीमार होने के कारण आर्थिक तंगी है और उन्हें भी ब्रेन स्ट्रोक हुआ है। 
आवेदन में कहा गया कि यदि 08.07.2026 तक भुगतान नहीं हुआ तो वे कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। यह आवेदन 27.06.2026 को कार्यालय में प्राप्त हुआ।

जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो संजीव कुमार ने 07 जुलाई 2026 को दूसरा आवेदन सौंपा। इसमें उन्होंने लिखा कि 08 जुलाई 2026 से वे क्रमिक धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें फार्मासिस्ट के बराबर वेतन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। 

आवेदन में उन्होंने यह भी बताया कि मां की तबीयत खराब होने और उन्हें ब्रेन स्ट्रोक होने के बाद 05 जुलाई 2026 को रांची में इलाज कराना पड़ा, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

फार्मासिस्ट संजीव कुमार की मांग है कि सरकार के आदेश और सिविल सर्जन के पत्र के आलोक में उनका बकाया वेतन अविलंब भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं होने पर वे 08 जुलाई 2026 से सदर अस्पताल कार्यालय के समक्ष धरना पर बैठेंगे।