गोड्डा में आफत बनी बारिश: पोड़ैयाहाट में ढहा गरीब का आशियाना, खुले आसमान के नीचे परिवार
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : झारखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश गरीब परिवारों के लिए आफत बनकर बरस रही है। जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड की बाघमारा पंचायत अंतर्गत रेवा टोला में बारिश ने एक गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ दिया।
लगातार बारिश से बृहस्पति यादव का कच्चा मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर से बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लेकिन इस आपदा ने बृहस्पति यादव और उनकी पत्नी आल्हा देवी के सिर से छत छीन ली है।
पीड़ित दंपति बीते कई दशकों से इसी मिट्टी के मकान में रह रहे थे। पल भर में सब कुछ बर्बाद होने के बाद अब यह परिवार भीषण बारिश में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। घटना के बाद से गांव में भी दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर घरों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बेघर हुए पीड़ित परिवार ने प्रशासन और सरकार से मुआवजे और तत्काल सहायता की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस परिवार को राहत पहुंचाता है या नहीं, और क्या इन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ मिल पाता है।






