सखी वन स्टॉप सेंटर का हुआ भव्य उद्घाटन, हिंसा पीडित महिलाओं को मिलेंगी एक ही छत के नीचे सभी सहायता सेवाए
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : अनुमंडल अस्पताल परिसर में मंगलवार को मिशन शक्ति के तहत 'सखी वन स्टॉप सेंटर" का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार के द्वारा फीता काटकर किया गया. महिलाओं को सुरक्षा, सहायता व सशक्तिकरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. एसडीओ ने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर 1 अप्रैल 2015 से संचालित है और भारत के साथ-साथ झारखंड के सभी जिलों में इस तरह के केंद्र का संचालन सरकार द्वारा किया जा रहा है. देवघर जिले में पूर्व से एक केंद्र संचालित है और मधुपुर में भी एक केंद्र का होना समाज कल्याण विभाग की एक अच्छी पहल है. अब आसपास के क्षेत्र से किसी भी तरह से हिंसा पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि विभाग के साथ साथ गणमान्य लोग एवं आम जनता सभी मिलकर इस केंद्र का व्यापक रूप से प्रचार प्रसार करें क्योंकि अब हिंसा से पीड़ित या संकट में फंसी महिलाओं को चिकित्सीय, कानूनी, मनोवैज्ञानिक और पुलिस सहायता जैसी सभी आवश्यक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेवारी होगी. कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कुमारी रंजना ने सखी वन स्टॉप सेंटर के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एकीकृत सहायता प्रदान करना ही इस केंद्र के संचालन का मुख्य उद्देश्य है. इस केंद्र के शुरू होने से महिलाओं को न्याय और सहायता पाने के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. यहाँ उन्हें परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सा सहायता व अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी. समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के लिए मील का पत्थर बताया. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार दास, अनुमंडल अस्पताल प्रभारी डॉ. शाहिद, रतन मिश्रा प्रधान सहायक समाज कल्याण, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नीतू कुमारी, अरविंद कुमार, महेंद्र घोष, महिला पर्यवेक्षिका निवेदिता नटराज, प्रियंका कुमारी, सलोन्ति मुर्मू, परियोजना से अजय पाठक, बिनोद प्रसाद के अलावे आंगनवाड़ी सेविकाएं उपस्थित थी।






