देवघर के संजीव झा बने झारखंड कुश्ती टीम के कोच, रोहतक में करेंगे अंडर-23 टीम का नेतृत्व.
■ 10 से 12 जुलाई तक होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता, जिले के लिए गौरव का पल.
अमित कुमार
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : बाबा नगरी देवघर के लिए एक और गौरव की खबर है। वरिष्ठ कुश्ती प्रशिक्षक और जिला कुश्ती संघ से जुड़े संजीव कुमार झा को अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए *झारखंड टीम का कोच* नियुक्त किया गया है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता *10 जुलाई से 12 जुलाई* तक *हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय* में आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली पहलवान हिस्सा लेंगे।
जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष *निलेश सिंह* ने बताया कि *संजीव कुमार झा* की नियुक्ति देवघर और पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, "संजीव जी वर्षों से कुश्ती के क्षेत्र में खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व से झारखंड की टीम राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेगी।"
संघ की सचिव *पायल कुमारी* ने कहा कि *संजीव कुमार झा* इससे पहले भी कई बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड टीम के कोच की भूमिका निभा चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर नाम रोशन किया है।
देवघर निवासी *संजीव कुमार झा* के कोच बनने पर खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
*देवघर जिला कुश्ती संघ* ने उम्मीद जताई है कि झारखंड के पहलवान इस बार प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे और राज्य के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ेंगे।





