BREAKING NEWS

logo

श्रावणी मेला-2026: रेड क्रॉस का सेवा शिविर 24x7 चलेगा, मोबाइल चार्जिंग से लेकर ई-रिक्शा एम्बुलेंस तक की सुविधा.


■ होटल बैद्यनाथ में हुई बैठक, स्वयंसेवकों की समर्पित टीम करेगी तैनाती.  

अमित कुमार 
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर जिला शाखा की कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को होटल बैद्यनाथ के सभागार में संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन जीतेश राजपाल ने की व बैठक का संचालन सचिव निरंजन कुमार सिंह ने किया।

बैठक में 29 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले श्रावणी मेले के दौरान रेड क्रॉस द्वारा संचालित सेवा शिविर की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई। श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण सेवा देने और जिला प्रशासन को सहयोग करने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए।

*ये सेवाएं होंगी उपलब्ध*  
1. *24x7 प्राथमिक चिकित्सा सेवा:* शिविर या चलंत सेवा के माध्यम से दवा वितरण के साथ First Aid की व्यवस्था।  
2. *मोबाइल चार्जिंग सपोर्ट:* शिवराम झा चौक पंडाल, बी.एड कॉलेज कांवरिया होल्डिंग प्वाइंट और पाठक धर्मशाला परिसर में एसबीआई एटीएम के पास पोर्टेबल मोबाइल चार्जिंग स्टेशन।  
3. *ई-रिक्शा एम्बुलेंस सेवा* और *खोया-पाया सहायता केंद्र*।  
4. *स्कूटी से पिक एंड ड्रॉप सेवा:* खोए हुए कांवरियों को उनके परिजन तक पहुंचाने की व्यवस्था।  

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रेडक्रॉस स्वयंसेवकों की एक समर्पित टीम पूरे मेले के दौरान शिविर में निरंतर सेवा देगी।

बैठक में श्रमदान, कोष संग्रह, विभिन्न समितियों के गठन और स्वयंसेवकों के दायित्व निर्धारण पर भी चर्चा हुई। प्रशासन के साथ समन्वय कर सेवा शिविर को अधिक सुव्यवस्थित बनाने पर बल दिया गया।

सभी बिंदुओं पर चर्चा के बाद अगले रविवार की बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजकुमार बरनवाल, संगीता सुल्तानिया, उमा छावछरिया, संजय कुमार मिश्रा, राकेश कर्म्हे, सुरेशानंद झा, नरेंद्र कुमार झा, महेश कुमार, सुधांशु बरनवाल, राजीव कुमार झा सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित थे। 

सभी सदस्यों ने रेड क्रॉस के सेवा, समर्पण और मानवता के सिद्धांतों के अनुरूप काम करने और श्रावणी मेला-2026 को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग का संकल्प लिया।