करौं में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
करौं (देवघर) : प्रखंड क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को भक्तिमय माहौल और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों में महिलाओं ने उपवास रखकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रखंड के करनेश्वर धाम मंदिर, कोटाल काली मंदिर, धर्मराज मंदिर, गौसुआ दुखहरण महादेव मंदिर, सीरिया शिव मंदिर, डिंडाकोली महादेव मंदिर, पचगाड़िया रामेश्वर मंदिर, बसकूपी शिव मंदिर, पथरोल काली मंदिर और सिंहवाहिनी मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा कर भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप की आराधना की।
करौं, सिरियां, रन्हा, कमलकर, रानीडीह, केनदबेरिया, डिंडाकोली, गोविंदपुर, चांदचौरा, लकरछरा और परतापुर समेत पूरे प्रखंड में भक्ति का माहौल रहा। करौं स्थित करनेश्वर मंदिर के नंदी बाबा और कोटाल काली मंदिर में भी विशेष पूजा का आयोजन किया गया।
देर शाम तक मंदिरों में भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलता रहा।






