BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : जिले भर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांव तक सभी कृष्ण मंदिरों और ठाकुरबाड़ियों में भक्तों का तांता लगा रहा। दिन भर उपवास के बाद देर शाम भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और झांकी का आयोजन किया गया।

शहर के गोपाल कृष्ण मंदिर, जसीडीह स्थित पागलबाबा मंदिर और डाबरग्राम स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारी की गई थी। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ने लगी थी। महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर भगवान कृष्ण की पूजा की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस्कॉन मंदिर में दिन भर हरे कृष्ण, हरे राम के संकीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा। शाम को भगवान के बाल स्वरूप का भव्य श्रृंगार किया गया और ठीक मध्यरात्रि में जन्मोत्सव की आरती के साथ महाभोग का वितरण किया गया। पागलबाबा मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।

शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी जन्माष्टमी की धूम देखी गई। सारवां, सारठ, पालोजोरी, मधुपुर, देवीपुर, मोहनपुर, सोनारायठाढ़ी और मार्गोमुंडा प्रखंडों के विभिन्न गांवों में स्थित ठाकुरबाड़ियों में भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया। कई जगहों पर बच्चों ने कृष्ण और राधा की वेशभूषा धारण कर झांकियां निकालीं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं।

कई स्थानों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंदिरों में प्रसाद के रूप में पंचामृत, माखन-मिश्री और फल वितरित किए गए।

पूरे जिले में जन्माष्टमी को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख़्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों के पास पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कुल मिलाकर देवघर जिले में जन्माष्टमी का पर्व शांति, सौहार्द और भक्ति के साथ संपन्न हुआ।