श्रावणी मेले में खुशियों की उड़ान; डीसी सौरभ भुवानियां ने सरस कुंज के बच्चों को कराई हवाई सैर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां की एक मानवीय पहल ने सरस कुंज के दिव्यांग और स्पेशल बच्चों के चेहरे पर मुस्कान ला दी। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान संचालित हो रही विशेष हेलीकॉप्टर सेवा के जरिए इन 25 विशेष बच्चों को मुफ्त हवाई यात्रा कराई गई।
झारखंड सरकार और जेएफ़आई के सौजन्य से मेला में पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा चल रही है। गुरुवार को उपायुक्त की उपस्थिति में इसी सेवा का लाभ समाज के विशेष वर्ग तक पहुंचाया गया।
सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सरस कुंज के कुल 25 बच्चों को बारी-बारी से हेलीकॉप्टर से आसमान की सैर कराई गई।
जैसे ही हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे। आकाश से देवघर और बाबाधाम की मनोरम खूबसूरती देखना बच्चों के लिए एक जादुई अनुभव रहा। बच्चों ने इसे जीवन का सबसे यादगार पल बताया।
हवाई सफर के बाद बच्चों और संस्थान के संचालकों ने इस अनूठी और संवेदनशील पहल के लिए उपायुक्त का आभार जताया।
ज्ञात हो कि यह हेलीकॉप्टर सेवा मुख्य रूप से वृद्ध, दिव्यांग श्रद्धालुओं और आम लोगों को कम समय में सुरक्षित हवाई दर्शन की सुविधा के लिए शुरू की गई है। जिला प्रशासन इस सेवा के जरिए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ जरूरतमंद और विशेष बच्चों को भी खुशियों की उड़ान दे रहा है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, देवघर अंचलाधिकारी अनिल कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित सरस कुंज के बच्चे, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।






