रांची में शिक्षक दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन कल,
• संताल परगना के 15 शिक्षकों को मिलेगा सम्मान
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : शिक्षक दिवस के मौके पर कल 05 सितंबर को रांची के जेपीसी सभागार में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित होगा। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी) ने इसके लिए सूची जारी कर दी है।
इस बार संताल परगना प्रमंडल का प्रदर्शन शानदार रहा है। प्रमंडल के सभी छह जिलों से कुल 15 शिक्षकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित किया गया है।
सबसे ज्यादा देवघर और दुमका जिले से 4-4 शिक्षकों को यह गौरव हासिल हुआ है। जामताड़ा से 3 शिक्षकों, गोड्डा से 2 शिक्षकों, जबकि पाकुड़ और साहिबगंज से 1-1 शिक्षक को सम्मानित किया जाएगा।
सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में राज्य भर के चयनित शिक्षक शामिल होंगे। जेसीईआरटी ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को चयनित शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
संताल के शिक्षकों का राज्य स्तर पर चयन होने से शिक्षा जगत में खुशी है। यह सम्मान शिक्षकों के नवाचार और समर्पण को पहचान देने के साथ ही दूसरों के लिए प्रेरणा बनेगा।






