स्थापना दिवस के अवसर पर सिद्धो कान्हू मुर्मू के प्रतिमा का हुआ अनावरण
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : प्रखंड क्षेत्र के सलैया स्थित मधुस्थली परिसर में बुधवार को संस्थान का 12वीं स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया.
समारोह का शुभारंभ महान स्वतंत्रता सेनानी सिद्धो-कान्हू मुर्मू की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ. प्रतिमा का अनावरण सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका से आये डॉ. राजीव कुमार, कुलानुशासक, डॉ. जैनेन्द्र यादव, छात्र कल्याण अधिष्ठाता, किशन कुमार केजरीवाल, अध्यक्ष एम.सी.के.वी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, डॉ. जॉली सिन्हा प्राचार्या व डॉ. जनार्दन घोष मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मधुस्थली कैंपस की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया. इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका की कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) कुनुल कंदिर ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों एवं संस्थान की प्रगति के लिए अपनी शुभकामनाएँ दी. डॉ. जैनेन्द्र यादव छात्र ने सिद्धो-कान्हू मुर्मू के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए झारखंड के स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रति व्यक्ति आय एवं रोजगार जैसे क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति पर विचार करने का आह्वान किया. डॉ. राजीव कुमार कुलानुशासक ने मधुस्थली की अल्प अवधि में हुई शैक्षणिक प्रगति, संस्थागत व्यवस्था एवं विकास की सराहना करते हुए इसे प्रशंसनीय एवं गौरव का विषय बताया.
किशन कुमार केजरीवाल ने एक आदर्श एवं प्रभावी शिक्षक बनने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षक ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्या डॉ. जॉली सिन्हा ने विश्वविद्यालय से पधारे अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन स्मृति-चिह्न प्रदान कर किया. सभी अतिथियों, अध्यक्ष एवं प्राचार्या की गरिमामयी उपस्थिति में केक काटकर समारोह को विशेष बनाया गया. समारोह के दौरान ‘मधुकण’ पत्रिका का विमोचन कमल मंडल संपादक तथा प्रिया कुमारी सह संपादक की उपस्थिति में हुई. ईको क्लब की ओर से अतिथियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया. साथ ही नेशनल लाइब्रेरियन डे के उपलक्ष्य पर मधुस्थली पुस्तकालय में ‘बुक बैंक’ का उद्घाटन किया गया. जिसका लाभ आर्थिक रूप से पिछड़े विद्यार्थी ले पाएंगे.अंत में रंजन रजक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम में डॉ. जनार्दन घोष, दिलीप कुमार झा सहित समस्त सहायक आचार्य एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे.






