राजकीय श्रावणी मेले के 13वें दिन सुबह 4:18 बजे खुला बाबा मंदिर का पट
• 'बोल बम' के जयघोष के साथ शुरू हुआ जलार्पण
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के 13वें दिन सोमवार को बाबा नगरी देवघर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रातः ठीक 04:18 बजे बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर का पट खुलते ही कांवरियों का सुव्यवस्थित जलार्पण शुरू हो गया।
मंदिर खुलते ही पूरा मेला क्षेत्र और रूट लाइन 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठी। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर पूरी आस्था के साथ जलार्पण के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
प्रशासन द्वारा बनाई गई सुव्यवस्था के तहत श्रद्धालु बीएड कॉलेज होकर बाबा मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं। कतारों में कोई अव्यवस्था नहीं दिख रही और बाबा के दर्शन के लिए शिवभक्तों में भारी उत्साह है।
रात से ही लाइन में लगे कांवरियों ने पट खुलने के साथ ही बाबा बैद्यनाथ पर जल चढ़ाकर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। मेला क्षेत्र में जगह-जगह 'बोल बम' के नारों और भक्तिमय गीतों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
प्रशासन और स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।






