BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मधुपुर के दो सगे भाइयों ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, एक बने चीफ लॉ असिस्टेंट तो दूसरे को यूपीएससी से मिली असिस्टेंट कमांडेंट की जिम्मेदारी


• पहली बार मधुपुर पहुंचने पर स्टेशन पर फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत. 

• परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल.

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर (देवघर) : मधुपुर के लिए शुक्रवार का दिन गर्व और खुशी से भरा रहा। क्षेत्र के दो होनहार सगे भाइयों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर महत्वपूर्ण पदों पर चयनित होकर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे मधुपुर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

नवनियुक्त पदों पर चयन के बाद पहली बार हमसफर एक्सप्रेस से मधुपुर पहुंचे दोनों भाइयों का मधुपुर जंक्शन पर परिवार, रिश्तेदारों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। बड़ा संघरा गांव निवासी गोपाल दास, जो बीएसएफ में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, के बड़े पुत्र चंदन कुमार का चयन चीफ लॉ असिस्टेंट के पद पर हुआ है। वहीं, उनके छोटे पुत्र कुंदन कुमार ने यूपीएससी के माध्यम से असिस्टेंट कमांडेंट (बीएसएफ) के पद पर चयनित होकर परिवार और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। दोनों भाइयों की सफलता के पीछे उनकी माता शर्मिला देवी का भी अहम योगदान रहा है।

गृहिणी होने के बावजूद उन्होंने अपने दोनों पुत्रों की शिक्षा-दीक्षा और बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, पिता के अनुशासित सेवा जीवन का भी दोनों भाइयों के व्यक्तित्व पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। 

परिजनों के अनुसार, चंदन और कुंदन बचपन से ही मेधावी, अनुशासित और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहे हैं। दोनों ने लगातार मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाया और आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई।

दोनों भाइयों की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। ज्ञात हो कि दोनों भाई मधुपुर महाविद्यालय, मधुपुर के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. रंजीत कुमार के मौसेरे भाई हैं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही शुभचिंतकों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।मधुपुर जंक्शन पर दोनों भाइयों के पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। 

स्वागत के दौरान स्टेशन परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर प्रदीप, अशोक, अनिल, चंदन, बबलू, रिक्की, संतोष, उपेंद्र, महेंद्र, नीलू, डोली सहित बड़ी संख्या में रिश्तेदार, ग्रामीण एवं आसपास के लोग मौजूद रहे और दोनों भाइयों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।