थंडारडीह सांप्रदायिक मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल।
जामताड़ा/करमाटांड़। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थंडारडीह गांव में दो समुदायों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने दो और प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नावाडीह निवासी सफीक अंसारी एवं नावाडीह के बेलाटांड़ टोला निवासी असलम अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात थंडारडीह निवासी भुदेव कुमार यादव द्वारा फेसबुक पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में उग्र भीड़ ने उनके घर में तोड़फोड़ की थी। इस दौरान मौके पर तैनात पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया था। घटना को लेकर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 62/26 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
कांड के अनुसंधान के दौरान पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के नेतृत्व में पुलिस बल ने बीती रात नावाडीह में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने बताया कि मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।






